गाजीपुर
बेटे के मुंडन संस्कार से पहले फार्मासिस्ट पिता की मौत
गाजीपुर। जिले के बाजार क्षेत्र स्थित वार्ड नंबर 9 के इंदिरा नगर चूड़ी गली में गुरुवार को टिन शेड से बने एक अहाते में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। इस हादसे में 35 वर्षीय फार्मासिस्ट अंकित मिश्रा की जलकर मौत हो गई, जबकि लाखों रुपये का सामान भी आग की भेंट चढ़ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही उसने विकराल रूप धारण कर लिया। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, वहीं सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंचा। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
जानकारी के मुताबिक, आरंगी गांव निवासी अंकित मिश्रा दिलदारनगर में उसी मकान में किराए पर मेडिकल स्टोर संचालित करते थे। घटना के समय वह गोदाम के पास बने बाथरूम में थे और अचानक लगी आग में फंस गए। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि वह बाहर नहीं निकल सके और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
मृतक के परिवार में पत्नी रूपा मिश्रा और दो पुत्र अंश (13) व आदित्य (5) हैं। परिजनों के अनुसार कुछ ही दिनों बाद आदित्य का मुंडन संस्कार होना था। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए गाजीपुर भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
बताया जा रहा है कि अंकित मिश्रा अपने मेडिकल स्टोर से कुछ ही क्षण पहले गोदाम में बने बाथरूम में गए थे। आग लगने पर उन्होंने बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन आग बेकाबू होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सके, जिससे उनकी जान चली गई।
