गाजीपुर
भाजपा स्थापना दिवस पर प्रमोद वर्मा ने फहराया झंडा
जखनियां (गाजीपुर) जयदेश। जखनियां मण्डल प्रथम के अंतर्गत जखनियां शक्तिकेंद्र के बूथ संख्या 240, 241, 242, 243, 244 एवं 245 पर भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस बड़े ही उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष प्रमोद वर्मा ने अपने आवास पर पार्टी का ध्वजारोहण किया तथा पार्टी के संस्थापक महापुरुषों डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रमोद वर्मा ने कहा कि 6 अप्रैल 2026 को भाजपा के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर यह दिन ‘अंत्योदय’ और ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प को दोहराने का है। उन्होंने कहा कि भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बन चुकी है, जो कार्यकर्ताओं के त्याग, समर्पण और नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम है।

उन्होंने आगे कहा कि पार्टी राष्ट्र सेवा, सुशासन और विकास के लक्ष्य के साथ निरंतर कार्य कर रही है तथा गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के संकल्प को और मजबूत बनाएं।
इस अवसर पर कुलभास्कर पांडेय, उमाशंकर यादव, अशोक गुप्ता, मिठुर वर्मा, अशोक कुशवाहा, बिंदु गुप्ता, प्रशांत सिंह, सुनील सिंह, वरुण पांडेय, विजय गुप्ता, राजेश जायसवाल सहित अनेक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
