Connect with us

चन्दौली

पति ने पत्नी को पीटकर मार डाला, शव जंगल में फेंका

Published

on

Loading...
Loading...

चंदौली। जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र के बिछिया खुर्द गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने मामूली घरेलू विवाद के चलते अपनी पत्नी की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने शव को छिपाने की नीयत से बोरे में भरकर चार पहिया वाहन से चंद्रप्रभा जंगल स्थित जलेबिया मोड़ के पास फेंक दिया।

मृतका की पहचान सोनी खरवार के रूप में हुई है, जिसकी शादी वर्ष 2020 में गौतम खरवार के साथ हुई थी। बताया जा रहा है कि विवाह के बाद से ही दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

इधर, कई दिनों तक सोनी से संपर्क न होने पर मायके पक्ष के लोग चिंतित हो गए। काफी प्रयासों के बावजूद कोई जानकारी न मिलने पर परिजन सदर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें परिस्थितियां संदिग्ध प्रतीत होने पर पति गौतम खरवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ के दौरान सख्ती बरतने पर आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि विवाद के दौरान उसने पत्नी की हत्या कर दी और बाद में सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को जंगल में फेंक दिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चंद्रप्रभा जंगल से शव बरामद कर लिया।

मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और लोग इस निर्मम हत्या से स्तब्ध हैं। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page