वाराणसी
बेकाबू कार की टक्कर से चार जख्मी, चालक मौके से फरार
वाराणसी। जिले के सिगरा थाना क्षेत्र के साजन तिराहे पर एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे चल रहे लोगों को टक्कर मार दी, जिससे चार लोग घायल हो गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार की रफ्तार और टक्कर की भयावहता साफ देखी जा सकती है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज गति से आई कार ने सबसे पहले एक युवक को जोरदार टक्कर मारी, जिससे वह करीब पांच फीट दूर जा गिरा। इसके बाद अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे जा रहे तीन अन्य युवकों को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद कार पीछे से एक पिकअप वाहन से जा भिड़ी, लेकिन चालक ने वाहन को पीछे किया और मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल भेजा। घायलों में गाजीपुर के मिश्री बाजार निवासी संजय गुप्ता उर्फ गुड्डू, पुत्र अमरनाथ गुप्ता तथा पीर सागर निवासी जाहुर अंसारी, पुत्र रज्जब अली शामिल हैं, जिनका उपचार चल रहा है।
संजय गुप्ता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने कार संख्या UP 65 BX 0051 के चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सिगरा थाना प्रभारी संजय मिश्रा ने बताया कि आरोपी चालक की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया था और उनकी स्थिति अब ठीक बताई जा रही है।
