वाराणसी
दांदूपुर मार्ग पर कचरे का अंबार, दैनिक आवागमन प्रभावित
वाराणसी। जिले के बड़ागांव ब्लॉक अंतर्गत दांदूपुर में धवकलगंज बस स्टॉप से दांदूपुर चौराहे को जोड़ने वाली सड़क पर इन दिनों कचरे का बड़ा अंबार जमा हो गया है, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यह मार्ग क्षेत्र का प्रमुख संपर्क मार्ग है, जिसके जरिए दांदूपुर चौराहे तक आवाजाही होती है और रामपुर व महिमापुर समेत कई गांवों के लोग इसी रास्ते का उपयोग करते हैं। साथ ही भानपुर से वाराणसी आने-जाने वाली बसों का आवागमन भी इसी मार्ग से होता है।
सड़क पर फैले कचरे के कारण तेज दुर्गंध उठ रही है, जिससे वहां से गुजरना दूभर हो गया है। हालात ऐसे हैं कि राहगीरों को नाक और मुंह ढककर गुजरना पड़ रहा है, जिससे उनकी रोजमर्रा की आवाजाही प्रभावित हो रही है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह सड़क लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अंतर्गत आती है, लेकिन लंबे समय से यहां सफाई की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। लोगों ने संबंधित विभाग से जल्द से जल्द कचरे की सफाई कराने की मांग उठाई है।
