Connect with us

वाराणसी

दहेज उत्पीड़न और दूसरी शादी के आरोप में पति समेत चार पर केस दर्ज

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। राजातालाब थाने में एक विवाहिता की शिकायत पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट, धमकी और दूसरी शादी के आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस प्रकरण में पुलिस ने पति, सास-ससुर और एक अन्य महिला को नामजद किया है।

पीड़िता नगीना देवी ने पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका विवाह वर्ष 2013 में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष द्वारा कम दहेज लाने का आरोप लगाते हुए उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।

पीड़िता के अनुसार, बाद में उसका पति उसे अपने साथ सूरत ले गया, जहां वे कई वर्षों तक साथ रहे। इस दौरान वर्ष 2017 में पुत्र और 2019 में पुत्री का जन्म हुआ। महिला का आरोप है कि दोनों बच्चों के जन्म के समय इलाज का पूरा खर्च उसके मायके वालों ने वहन किया।

महिला ने बताया कि दूसरी संतान के जन्म के बाद पति का व्यवहार बदल गया और उसने घर-खर्च देना बंद कर दिया। इसके बाद उसे बच्चों सहित ससुराल में छोड़ दिया गया, जहां वह सास और ससुर के साथ रहकर किसी तरह जीवन यापन करती रही।

आरोप है कि 25 अगस्त 2025 को पति अचानक एक अन्य महिला राधा अमरजीत राजपूत सिंह और उसकी छोटी बच्ची के साथ घर पहुंचा और बताया कि उसने वर्ष 2023 में दूसरी शादी कर ली है। इसका विरोध करने पर पति संजय पटेल, ससुर छांगुर पटेल और सास कुमारी देवी ने उस पर दबाव बनाया और कहा कि यदि उसे घर में रहना है तो 10 लाख रुपये लाने होंगे, अन्यथा उसे और उसके बच्चों को जान से मार दिया जाएगा।

Advertisement

पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर सभी आरोपियों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और गाली-गलौज करते हुए लगातार प्रताड़ित किया। सूचना मिलने पर मामला पुलिस तक पहुंचा, लेकिन इसके बावजूद उत्पीड़न जारी रहा और उसे घर से निकालने का प्रयास किया जाता रहा।

राजातालाब थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति संजय पटेल, ससुर छांगुर पटेल, सास कुमारी देवी और राधा अमरजीत राजपूत सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page