वाराणसी
दर्शन करने गए रेलवे कर्मचारी के घर लाखों की चोरी
वाराणसी। जिले के रोहनिया थाना क्षेत्र के गोविंदपुर में बीती रात चोरों ने एक रेलवे कर्मचारी के घर को निशाना बनाते हुए ताला तोड़कर लाखों रुपये के गहने और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस फिंगरप्रिंट यूनिट के साथ मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
गोविंदपुर निवासी मनोज गुप्ता, जो वाराणसी सिटी स्टेशन पर रेलवे विभाग में तैनात हैं, नवरात्रि के अवसर पर अपने परिवार के साथ मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए गए थे। रविवार भोर में लौटने पर उन्होंने घर का ताला टूटा पाया और अंदर सामान बिखरा हुआ देखा।
चोरों ने मुख्य दरवाजे की कुंडी तोड़कर घर में प्रवेश किया और चार आलमारियां, अटैची तथा बक्सों को खंगाल डाला। मनोज गुप्ता के अनुसार, चोर करीब डेढ़ लाख रुपये नकद और लगभग 50 लाख रुपये मूल्य के गहने लेकर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि अधिकांश गहने उनकी मां और पत्नी के थे, जो पहले बनवाए गए थे और वर्तमान में उनकी कीमत काफी अधिक है।
सूचना पर एसीपी रोहनिया संजीव शर्मा और थाना प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह भी मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा सर्विलांस के जरिए भी आरोपितों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में डर और चिंता का माहौल है। पुलिस ने स्थानीय लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल देने की अपील की है। वहीं, पीड़ित मनोज गुप्ता ने खुद को असुरक्षित बताते हुए प्रशासन से जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
