Connect with us

अपराध

मछली व्यवसायी से लाखों की लूट, विरोध करने पर मारपीट

Published

on

Loading...
Loading...

कुशीनगर। जिले के रामकोला थाना क्षेत्र के चंदरपुर गांव के समीप पडरौना-रामकोला मार्ग पर बीती रात करीब साढ़े आठ बजे मछली व्यवसायी से लूट की घटना सामने आई। दो बाइक पर सवार पांच बदमाशों ने ओवरटेक कर व्यवसायी को गिरा दिया और 2.85 लाख रुपये छीनकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

विशुनपुरा थाना क्षेत्र के दुदही कस्बे निवासी 25 वर्षीय सुंदर लाल निषाद, जिनकी नवंबर में शादी तय है, इन दिनों घर पर मकान निर्माण करा रहे हैं। निर्माण कार्य के लिए धन की आवश्यकता होने पर उन्होंने गोरखपुर के कैंट थाना क्षेत्र में रहने वाले अपने फूफा से उधार रुपये लिए थे।

शुक्रवार दोपहर वह बाइक से फूफा के घर गए और वहां से उधार रुपये लेकर वापस लौट रहे थे। इनमें से 20 हजार रुपये उन्होंने शर्ट की जेब में रखे थे, जबकि शेष रकम बाइक की डिक्की में रखी थी। चंदरपुर गांव के सामने पहुंचते ही दो बाइक पर सवार पांच बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर धक्का दे दिया, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े।

इसके बाद बदमाश डिक्की में रखे बैग को छीनने लगे। विरोध करने पर उन्होंने सुंदर लाल निषाद की पिटाई की और बैग लेकर रामकोला की ओर फरार हो गए। घटना की सूचना 112 नंबर पर दी गई, जिसके बाद पीआरवी टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय थाने को अवगत कराया। एसएचओ धनवीर सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और उच्चाधिकारियों को जानकारी दी।

एएसपी सिद्धार्थ वर्मा ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि बदमाशों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page