Connect with us

गोरखपुर

पत्रकार अग्निवेश सिंह हत्याकांड में कार्रवाई की मांग तेज, पत्रकारों ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

Published

on

Loading...
Loading...

सहजनवां (गोरखपुर)। 27 फरवरी को थाना बांसगांव क्षेत्र के वार्ड नंबर 09 में हुए पत्रकार अग्निवेश सिंह हत्याकांड को लेकर पत्रकारों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। मामले में अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पत्रकार समाज में नाराजगी देखी जा रही है। इसी को लेकर सहजनवां क्षेत्र के पत्रकारों ने सोमवार को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी सहजनवां को सौंपकर कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में पत्रकारों ने आरोप लगाया कि घटना के बाद से ही स्थानीय थाने की भूमिका संदिग्ध रही है। हत्या के इतने दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। इतना ही नहीं, पैरवी करने वाले पीड़ित पक्ष के खिलाफ भी फर्जी मुकदमा दर्ज कर दिया गया, जिससे परिवार और अधिक परेशान हो गया है।

पत्रकारों ने बताया कि दिवंगत अग्निवेश सिंह अपने परिवार के एकमात्र सहारा थे। उनकी हत्या के बाद परिवार आर्थिक और मानसिक संकट से जूझ रहा है। ऐसे में सरकार से मांग की गई है कि मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी और परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए। साथ ही मुकदमे के वादी और मृतक के छोटे भाई नीतीश कुमार को शस्त्र लाइसेंस और सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।

ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी की विशेषज्ञों से दोबारा जांच कराई जाए तथा हत्याकांड के सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमे की सुनवाई कराई जाए। साथ ही अग्निवेश के परिजनों पर दर्ज मुकदमा संख्या 105/2026 को समाप्त करने की मांग भी उठाई गई।

पत्रकारों ने यह भी आरोप लगाया कि हत्याकांड से जुड़े अवैध कब्जे के मामले में लेखपाल और कानूनगो की रिपोर्ट एसडीएम को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे कब्जाधारियों का मनोबल बढ़ा हुआ है।

Advertisement

पत्रकारों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो पत्रकार समाज बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगा।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page