गोरखपुर
एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाला अभियुक्त गिरफ्तार
गोरखपुर। जनपद में अपराध नियंत्रण और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देश पर, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी बाँसगांव के नेतृत्व में थाना पुलिस टीम ने एटीएम धोखाधड़ी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, थाना क्षेत्र में दर्ज मु0अ0सं0 109/2026, धारा 318(4), 317(2), 3(5) बीएनएस से संबंधित अभियुक्त धर्मेन्द्र यादव उर्फ कोयल (पुत्र स्वर्गीय इन्द्राशन यादव निवासी जंगलराम लखना महुआरी टोला, थाना खोराबार, गोरखपुर) को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के विरुद्ध आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
घटना के संबंध में बताया गया कि 8 मार्च 2026 को वादिनी एटीएम से रुपये निकाल रही थीं, तभी एक अज्ञात व्यक्ति ने उनका एटीएम कार्ड बदलकर उनके खाते से 16,100 रुपये निकाल लिए थे। इस मामले में पीड़िता की तहरीर पर थाना स्थानीय में मुकदमा दर्ज किया गया था।
गिरफ्तार अभियुक्त धर्मेन्द्र यादव उर्फ कोयल का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ विभिन्न जनपदों में कई संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2022 में थाना खजनी, गोरखपुर में धारा 392 और 411 भादंवि तथा यू0पी0 गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई शामिल है। इसी वर्ष थाना कोतवाली पडरौना, कुशीनगर में धारा 419, 420 भादंवि और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। वर्ष 2023 में थाना खड्डा, कुशीनगर में चोरी, धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात से जुड़े मामलों में भी वह नामजद रहा, जबकि थाना पटहेरवा, कुशीनगर में हत्या के प्रयास और आयुध अधिनियम सहित कई मामलों में उसके खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है।
इसके अतिरिक्त वर्ष 2024 में थाना खोराबार, गोरखपुर तथा थाना भिटौली, जनपद महाराजगंज में भी विभिन्न धाराओं में उसके विरुद्ध मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ कुल एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले पंजीकृत हैं, जिनमें लूट, चोरी, धोखाधड़ी, गैंगेस्टर एक्ट और आयुध अधिनियम जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं।
