वायरल
झोपड़ी में लगी भीषण आग, चार बकरियों की जलकर मौत; महिला और किशोरी झुलसी
संतकबीरनगर। जिले के ग्रामीण क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब एक झोपड़ी में अचानक आग लगने से चार बकरियों की जलकर मौत हो गई, जबकि आग बुझाने के प्रयास में एक महिला और एक किशोरी झुलस गईं। सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 6:00 बजे ग्राम तनुहारी दोयम निवासी गनपत पुत्र सत्तन ने डायल 112 पर सूचना दी कि उनकी झोपड़ी में अचानक आग लग गई है। देखते ही देखते आग ने झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे अंदर बंधी चार बकरियां जलकर मर गईं, जबकि एक बकरी गंभीर रूप से झुलस कर घायल हो गई।
आग लगने की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुट गए। इसी दौरान आग बुझाने के प्रयास में लक्ष्मी देवी पत्नी चंद्र प्रकाश और कामिनी पुत्री चंद्र प्रकाश (उम्र लगभग 17 वर्ष) आग की चपेट में आकर झुलस गईं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल स्थिति का जायजा लिया और दोनों घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजकर इलाज शुरू कराया। ग्रामीणों की मदद से कुछ देर बाद आग पर काबू पा लिया गया, हालांकि तब तक झोपड़ी और उसमें बंधे पशुओं को भारी नुकसान हो चुका था।
पुलिस के अनुसार मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। फिलहाल आग बुझ चुकी है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है। पुलिस द्वारा पीड़ित पक्ष से बातचीत कर मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
ग्रामीणों के मुताबिक आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। हालांकि अचानक लगी इस आग से परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
