गोरखपुर
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर भक्तिमय हुआ मुजौली, कथा सुन भाव-विभोर हुए श्रद्धालु
पाली (गोरखपुर)। विकास खंड पाली के ग्राम मुजौली में आयोजित श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के पंचम दिवस पर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का आयोजन बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। कथा व्यास आचार्य प्रवर आलोक पांडेय महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की अत्यंत भावपूर्ण कथा का वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
उन्होंने बताया कि जब देवकी के आठवें पुत्र के रूप में स्वयं नारायण ने कारागार में कृष्ण के बाल रूप में अवतार लिया, उसी क्षण देवकी और वासुदेव के हाथों की हथकड़ियां स्वतः टूट गईं और पहरे पर तैनात सभी सिपाही गहरी नींद में सो गए। कंस के भय से वासुदेव नवजात कृष्ण को लेकर यमुना पार नन्द बाबा के घर पहुंचाए और वहां जन्मी कन्या को लेकर पुनः कारागार लौट आए।
भगवान श्रीकृष्ण के जन्म प्रसंग का वर्णन सुनकर यज्ञ परिसर में उपस्थित श्रद्धालु भावुक हो उठे और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो स्वयं भगवान श्रीकृष्ण का आगमन हो गया हो। जन्मोत्सव के शुभ अवसर पर श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन के साथ नृत्य करते हुए हर्षोल्लास से श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया।
इस अवसर पर मुनि आगमन पाण्डेय, करुणानिधान पाण्डेय, शुभम चतुर्वेदी, हरिमंगल सिंह, अशोक पाण्डेय, सुधाकर पाण्डेय, दिनेश सिंह, सत्येन्द्र पाण्डेय और कृष्णा पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
