चन्दौली
दस करोड़ रुपए से खींचा गया योजनाओं का खाका
चंदौली (जयदेश)। विकास खंड चहनियां के क्षेत्र पंचायत की बैठक मंगलवार को ब्लॉक कार्यालय स्थित क्षेत्र पंचायत सभागार में ब्लॉक प्रमुख अरुण कुमार जायसवाल की अध्यक्षता में संपन्न किया गया। इसमें वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्य योजनाओं पर बैठक कर विचार-विमर्श के बाद उनका अनुमोदन किया गया।
इस दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्यों, ग्राम प्रधानों ने क्षेत्र के विकास के लिए भी प्रस्ताव बैठक में प्रस्तुत किए। क्षेत्र पंचायत सदस्यों व ग्राम पंचायत के ग्राम प्रधानों की उपस्थिति में अधिकारियों ने क्षेत्र पंचायत के विकास को उनके विभागों द्वारा चलाई जा रही योजनाओं से अवगत कराया। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख अरुण कुमार जायसवाल ने सभी बीडीसी व ग्राम प्रधानों से अपने क्षेत्र में विकासकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि 2026-27 का राज्य वित्त, केंद्र वित्त, मनरेगा से दस करोड़ रुपए का लक्ष्य गांवों के विकास के लिए आवंटित किया जाएगा। जिससे क्षेत्र पंचायत, मनरेगा द्वारा ग्राम पंचायत में स्वास्थ्य, शिक्षा, सीसी रोड, खड़ंजा, नाली निर्माण, स्वच्छता अभियान के तहत साफ-सफाई, पेयजल की व्यवस्था, क्षेत्र पंचायत द्वारा गांवों में प्रकाश के लिए सोलर लाइट आदि की व्यवस्था किया जाएगा। साथ ही प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री आवास, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन योजना पर चर्चा किया गया।
उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य है कि बिना किसी भेदभाव से क्षेत्र का विकास करना है, साथ ही विकास कार्य के दौरान किसी प्रकार का अड़चन कत्तई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी क्षेत्र के लोग नए कार्य का योजना बनाकर विकास कार्य में जुट जाएं। हम सभी का कर्तव्य बनता है कि वह अपने क्षेत्र का विकास कार्य कराएं, इसमें सभी सदस्यों के और विकास कार्यों के बाबत सहयोग की आवश्यकता है।
वहीं बैठक में मौजूद अधिकारी व कर्मचारियों को निर्देश दिया कि छोटे गांव में दो सफाई कर्मचारी व बड़े गांवों में तीन सफाई कर्मचारी मौजूद होकर गांव का साफ-सफाई करेंगे। ग्राम पंचायत में बने सचिवालय पर ग्राम पंचायत अधिकारी की मौजूदगी भी अनिवार्य है। गांव के ग्रामीणों को सरकार द्वारा सभी अति महत्वपूर्ण योजनाओं के बारे जानकारी देते रहें, जिससे कोई भी व्यक्ति सरकार द्वारा संचालित योजनाओं से वंचित न रहे। वहीं ग्राम पंचायत अधिकारियों को हिदायत देते हुए कहा कि मृत्यु प्रमाणपत्र, जन्म प्रमाणपत्र, परिवार रजिस्टर नकल के लिए परेशान व दौड़ना न पड़े, गांव के सचिवालय में ही इन कार्यों को कर दिया जाए। अगर ग्रामीणों द्वारा शिकायत मिलने पर कार्रवाई के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
इस दौरान बैठक में खंड विकास अधिकारी राजेश नायक, ज्वाइंट वीडियो ओमप्रकाश, एकाउंटेंट सियालाल यादव, एडीओ आईएसबी नित्यानंद सिंह, क्षेत्र पंचायत रविकांत चौहान, आनंद सिंह, अक्षय यादव, मुकेश निषाद, ग्राम प्रधान जयराम शास्त्री, सतिश गुप्ता, धर्मेंद्र यादव, लालता यादव आदि लोग मौजूद रहे।
