गाजीपुर
लाखों की लागत का शौचालय बना शोपीस, ताला बंद रहने से लोग परेशान
गाजीपुर (जयदेश)। भदौरा ब्लॉक परिसर में लगभग 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक शौचालय निर्माण के करीब तीन वर्ष बाद भी उपयोग में नहीं आ सका है और शोपीस बनकर रह गया है। शौचालय के गेट पर हमेशा ताला लटका रहने के कारण ब्लॉक परिसर में आने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लाखों रुपये खर्च कर बनाए गए इस सामुदायिक शौचालय का लाभ आमजन को नहीं मिल पा रहा है। बारा गांव के निवासी रामबचन यादव, विजय यादव, विमलेश सिंह गहमरी और राहुल राय ने बताया कि शौचालय पर हमेशा ताला बंद रहता है, जिसके चलते लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने यह भी बताया कि ब्लॉक परिसर में करीब छह सफाईकर्मी तैनात होने के बावजूद चारों ओर गंदगी और कूड़े का अंबार लगा रहता है। परिसर की सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है, जिससे लोगों में नाराजगी है।
इस संबंध में जिला पंचायत राज अधिकारी गाजीपुर रमेश चंद्र उपाध्याय ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
