अपराध
गिदही पावर प्लांट से तार चोरी का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार
बस्ती। थाना कोतवाली पुलिस ने गिदही पावर हाउस भंडारण परिसर से चोरी हुए एल्युमिनियम तार और लोहे के एंगल के मामले का खुलासा करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक ई-रिक्शा (यूपी 51 BT 9563), पांच बंडल एल्युमिनियम तार और 18 लोहे के एंगल बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 7 मार्च की रात गिदही पावर हाउस भंडारण केंद्र से करीब सात बंडल सरकारी बिजली तार चोरी होने की सूचना मिली थी, जिस पर कोतवाली थाना में मुकदमा दर्ज किया गया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने करनपुर के पास तीन आरोपियों वसीम (20), कपूर चौधरी (22) और मनीष कुमार (19) को गिरफ्तार किया, जबकि उनका एक साथी फरार हो गया।
पूछताछ में चोरी का सामान कबाड़ी दिनेश उर्फ कल्लू (42) को बेचने की बात सामने आई, जिसके बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मामले में अतिरिक्त धाराएं बढ़ाते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
