वाराणसी
पटाखे की चिंगारी से हुए विवाद में पिता-पुत्र से मारपीट और लूट
चार दिन बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं
वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र के गौर गांव में पटाखे की चिंगारी को लेकर हुए विवाद में मनबढ़ों द्वारा पिता-पुत्र से मारपीट का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित भाजपा के पूर्व जिला मंत्री बच्चन रामबिंद के पुत्र श्याम किशोर ने चार दिन पूर्व मिर्जामुराद थाने में प्रार्थना पत्र देकर गांव के कई नामजद लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि वह लगातार चार दिनों से थाने का चक्कर लगा रहा है। लेकिन अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।
आरोप है कि चार मार्च की रात आरोपित पटाखा छोड़ रहे थे, जिसकी चिंगारी पीड़ित के घर तक पहुंच गई। विरोध करने पर सभी आरोपित एकजुट होकर ईंट-पत्थर व लात-घूंसों से हमला कर दिए, जिससे पिता-पुत्र दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
पीड़ित के अनुसार हमलावरों ने घर में घुसकर तोड़फोड़ की और दवा के लिए रखे 400 रुपये भी लूट लिए। शोरगुल सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
पीड़ित घायल पिता को लेकर मिर्जामुराद थाने पहुंचा और आठ लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन पुलिस द्वारा अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।
