Connect with us

गाजीपुर

जमानिया में एसपी डॉ. ईरज राजा का फ्लैग मार्च, होली मिलन में दिया भाईचारे का संदेश

Published

on

Loading...
Loading...

जमानिया (गाजीपुर) जयदेश। होली, रमजान एवं अन्य त्योहारों के दृष्टिगत कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए मंगलवार को पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा द्वारा थाना जमानिया क्षेत्र में व्यापक पैदल गश्त और फ्लैग मार्च किया गया। एसपी ने कस्बों, मुख्य मार्गों, बाजारों, मिश्रित आबादी वाले इलाकों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

इस दौरान आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया तथा असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी दी गई। उन्होंने लोगों से अपील की कि होली एवं रमजान के दौरान आपसी सौहार्द, भाईचारा और पारस्परिक सम्मान बनाए रखें तथा त्योहारों को परंपरागत, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। होली के दौरान शराब पीकर हुड़दंग करने, डीजे पर निर्धारित ध्वनि सीमा का उल्लंघन करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक या आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

जनपद में निकलने वाली होली की बारात एवं शोभायात्राओं के लिए सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की गई और होलिका दहन स्थलों का भी निरीक्षण किया गया।

Advertisement

थाना परिसर में हुआ भव्य होली मिलन समारोह

पैदल गश्त के उपरांत थाना जमानिया परिसर में ‘होली मिलन समारोह’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एसपी ईरज राजा ने पत्रकार और पुलिस परिवार संग अबीर और गुलाल से होली खेलकर आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि होली का पर्व प्रेम, एकता और सद्भाव का प्रतीक है, जिसे सभी को मर्यादित और शांतिपूर्ण ढंग से मनाना चाहिए। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), क्षेत्राधिकारी जमानिया अनिल कुमार, प्रभारी निरीक्षक जमानिया राम सजन नागर सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page