Connect with us

वाराणसी

प्रेमी ने स्टेशन को चुना आखिरी ठिकाना, बोतल से उजागर हुई आत्महत्या की योजना

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। जिले के सारनाथ रेलवे स्टेशन पर बीती शाम उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब एक पानी की बोतल अचानक तेज आवाज के साथ फट गई। धमाके की आवाज सुनते ही प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ मौके पर पहुंची और एहतियातन आसपास खड़े लोगों को वहां से हटाया गया। जिस बैग में बोतल रखी थी, उसके मालिक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ।

जांच में सामने आया कि बोतल में पानी के साथ सल्फॉस की गोलियां मिलाई गई थीं। रासायनिक प्रतिक्रिया के चलते गैस बनी और दबाव बढ़ने से बोतल फट गई। धमाके की सूचना पर वरुणा जोन की पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और आईबी की टीमों ने भी मौके पर पहुंचकर गहन जांच-पड़ताल की।

पूछताछ के दौरान युवक ने बताया कि वह एक युवती से प्रेम करता है, लेकिन उसकी शादी किसी अन्य स्थान पर तय कर दी गई है। बिहार के पटना निवासी युवक वाराणसी ऑनलाइन परीक्षा देने आया था। उसने पहले से ही यह योजना बना ली थी कि युवती से अंतिम बार बातचीत करने के बाद आत्महत्या कर लेगा। इसी उद्देश्य से उसने सल्फॉस की गोलियां खरीदीं और सारनाथ स्टेशन पहुंचकर उन्हें एक लीटर पानी की बोतल में मिला दिया। वह अपनी प्रेमिका से फोन पर बातचीत कर रहा था, तभी गैस बनने से बोतल अचानक फट गई।

एसीपी विदुष सक्सेना ने बताया कि युवक से विस्तृत पूछताछ की गई है। उसकी पहचान राजू कुमार के रूप में हुई है, जो बिहार के पटना का निवासी है और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता है। वह वाराणसी परीक्षा देने आया था। शादी तय होने से वह मानसिक रूप से व्यथित था और प्रेमिका से बातचीत के बाद आत्महत्या करने का इरादा रखता था, लेकिन पानी और सल्फॉस के मिश्रण से गैस बनने के कारण यह घटना हो गई।

एसीपी के अनुसार युवक के पास से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। उसके परिजनों और संबंधित स्थानीय थाने से संपर्क करने के बाद उसे छोड़ दिया गया है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page