गोरखपुर
विरासत गलियारे के निर्माण से बढ़ी स्थानीय लोगों की परेशानी, सड़कों पर भरा पानी
गोरखपुर। विरासत गलियारा निर्माण के चलते नखास से कोतवाली रोड तक जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। निर्माण कार्य के दौरान सड़कों पर पानी भरे रहने से आमजन को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन संबंधित ठेकेदार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि विरासत गलियारा बनते-बनते नखास से घोष कंपनी रोड तक की सड़कें क्षतिग्रस्त होती जा रही हैं। इसके साथ ही नखास से खूनीपुर रोड और साढ़े छह वाली गली में भी भारी मात्रा में पानी जमा है, जिससे आवागमन बाधित हो गया है।
इलाके में लगातार जलभराव बने रहने से जलजनित बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। बावजूद इसके नगर निगम और विरासत गलियारा निर्माण से जुड़े ठेकेदार इस समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने शीघ्र समाधान की मांग करते हुए जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने और निर्माण कार्य को व्यवस्थित ढंग से कराने की अपील की है।
