Connect with us

गोरखपुर

पूर्व माध्यमिक विद्यालय में शिक्षा चौपाल के साथ मना उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस

Published

on

Loading...
Loading...

गोरखपुर। जनपद के सहजनवा विकासखंड अंतर्गत पूर्व माध्यमिक विद्यालय हरपुर बुदहट प्रथम में उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर न्याय पंचायत स्तरीय शिक्षा चौपाल कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और सहभागिता के साथ किया गया। कार्यक्रम में शिक्षक, विद्यालय प्रबंध समिति के पदाधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ती, सहायिकाएं एवं अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी प्रधानाध्यापक एवं प्राथमिक शिक्षक संघ सहजनवा के अध्यक्ष श्री महेश कुमार शुक्ला ने शिक्षा चौपाल के उद्देश्य को सरल शब्दों में समझाया। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु दो ड्रेस, जूता, मोजा, स्वेटर व स्टेशनरी मद में 1200 प्रति छात्र अभिभावकों के खातों में भेजे गए हैं। साथ ही स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब, विज्ञान व गणित किट जैसी आधुनिक सुविधाएं विद्यालय में उपलब्ध हैं।

बच्चों की नियमित उपस्थिति, सीखने के स्तर (लर्निंग आउटकम) और शैक्षिक गुणवत्ता पर विस्तार से चर्चा की गई तथा अभिभावकों के प्रश्नों का समाधान किया गया। उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस पर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, उपलब्धियों और विकास यात्रा पर प्रकाश डाला गया। शासन से प्राप्त पत्रक का वाचन श्री दीपचंद जी ने किया, जबकि श्री अनन्तराम तिवारी ने स्थापना दिवस के महत्व को रेखांकित किया।

महेश शुक्ला ने कहा कि, “विद्यालय केवल ईंट-पत्थरों का भवन नहीं, बल्कि बच्चों के सपनों की नींव है। जब शिक्षक, अभिभावक और समाज एकजुट होकर बच्चों के साथ खड़े होते हैं, तभी सशक्त भविष्य का निर्माण होता है। शिक्षा ही वह दीपक है, जो हर घर और हर मन को रोशन करता है।”

कार्यक्रम में विद्यालय परिवार की एकजुटता और विद्यालय के महत्व को रेखांकित करते हुए यह संदेश दिया गया कि सामूहिक प्रयास से ही बच्चों का उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित किया जा सकता है। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति की अध्यक्ष श्रीमती संगीता, उपाध्यक्ष श्री राधेश्याम पाठक, विभिन्न ग्रामों के अध्यक्षगण सहित शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ती व सहायिकाएं उपस्थित रहीं।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page