Connect with us

गोरखपुर

सोलर पोल पर चढ़कर युवक ने लगाई आग, रेस्क्यू टीम ने बचाई जान

Published

on

Loading...
Loading...

पारिवारिक संपत्ति विवाद में युवक का खतरनाक कदम

गोरखपुर। तिवारीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत घासी कटरा पुलिस चौकी के सामने शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक सोलर लाइट स्ट्रीट पोल पर चढ़कर घंटों तक हाई-वोल्टेज ड्रामा करता रहा। युवक पारिवारिक संपत्ति और जरूरी कागजात अपने नाम किए जाने की मांग को लेकर आक्रोशित था और नीचे उतरने से साफ इनकार कर रहा था। मौके पर जुटी भीड़ और युवक की हरकतों ने स्थिति को बेहद संवेदनशील बना दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक काफी देर तक पोल पर बैठा रहा और रोते-बिलखते हुए अपनी पीड़ा लोगों को सुनाता रहा। देखते-देखते बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, जिससे इलाके में यातायात भी बाधित होने लगा। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की रेस्क्यू टीम और तिवारीपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई।

पुलिस और रेस्क्यू टीम की मौजूदगी से युवक और अधिक उत्तेजित हो गया। इसी बीच उसने अचानक अपने जैकेट में आग लगा ली। यह देखते ही मौके पर हड़कंप मच गया और लोगों में दहशत फैल गई। हालात बेकाबू होते देख रेस्क्यू टीम ने बिना किसी देरी के साहसिक कदम उठाया। टीम के कर्मियों ने जोखिम उठाते हुए पोल पर चढ़कर युवक तक पहुंच बनाई और जलती हुई जैकेट को उससे अलग कर आग पर काबू पाया।

काफी मशक्कत, समझाने-बुझाने और धैर्य के साथ युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। रेस्क्यू के दौरान युवक लगातार रोता रहा और खुद को छोड़ देने की बात कहता रहा, लेकिन पुलिस और फायर ब्रिगेड कर्मियों ने संयम और सूझबूझ का परिचय देते हुए उसकी जान बचा ली। पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी।

Advertisement

पुलिस के मुताबिक युवक की पहचान सत्यम के रूप में हुई है। वह पारिवारिक संपत्ति विवाद को लेकर लंबे समय से मानसिक तनाव और अवसाद में था, जिसके चलते उसने यह खतरनाक कदम उठाया। रेस्क्यू के बाद युवक को तिवारीपुर थाने लाया गया, जहां उसकी काउंसलिंग कराई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई, साहस और सूझबूझ की जमकर सराहना की। समय रहते की गई रेस्क्यू से एक बड़ा हादसा टल गया और एक युवक की जान बच सकी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page