दुर्घटना
बोलेरो की टक्कर से घायल ऑटो चालक की मौत
वाराणसी। जिले के चौबेपुर थाना क्षेत्र के भभियार पांडेयपुरा गांव के समीप चौबेपुर-बाबतपुर मार्ग पर बीती रात करीब 8 बजे बोलेरो की टक्कर से ऑटो चालक रामलाल मौर्य (45) की मौत हो गई। हादसे में ऑटो सवार अशोक मौर्य (42) और सीमा गुप्ता (35) भी घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरपतपुर में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। दुर्घटना के बाद बोलेरो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, चोलापुर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर निवासी रामलाल मौर्य मुनारी से सवारी लेकर चोलापुर के मोहांव जा रहे थे। ऑटो में जगदीशपुर निवासी अशोक मौर्य तथा मुनारी चौबेपुर निवासी सीमा गुप्ता सवार थीं। जैसे ही ऑटो रात करीब 8 बजे भभियार पांडेयपुरा गांव के पास पहुंचा, तभी बोलेरो ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद रामलाल मौर्य को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष इंद्रेश कुमार के मुताबिक शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बोलेरो को पुलिस ने जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
