गाजीपुर
सेवानिवृत्त जिला जज जे. एस. यादव की श्रद्धांजलि सभा एवं तेरहवीं सम्पन्न
सादात (गाजीपुर)। उत्तर प्रदेश शासन में सेवानिवृत्त जिला जज एवं पूर्व सचिव (न्याय) स्वर्गीय जे. एस. यादव की श्रद्धांजलि सभा एवं तेरहवीं का आयोजन उनके वर्तमान निवास लेढूपुर, वाराणसी में सम्पन्न हुआ। वे सादात क्षेत्र के ग्रामसभा डहरमौवा कौड़ा के मूल निवासी थे। कार्यक्रम में गाजीपुर, चंदौली और वाराणसी जनपद से राजनीतिक, सामाजिक एवं प्रशासनिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।श्रद्धांजलि सभा में उनके बड़े पुत्र डॉ. पीयूष यादव सहित परिजन मौजूद रहे।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष गोपाल यादव, सकलडीहा विधायक प्रभु नारायण यादव, पूर्व सांसद रामकिशुन यादव, काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप पटेल, हंसराज विश्वकर्मा, पूर्व मंत्री सुरेन्द्र पटेल, नारद महाराज, मनीष यादव सहित अन्य विशिष्ट लोगों ने सहभागिता की।
सभी उपस्थितजनों ने जे. एस. यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके सरल, न्यायप्रिय व कर्तव्यनिष्ठ जीवन को याद किया।वक्ताओं ने कहा कि जे. एस. यादव ने अपने पूरे सेवाकाल में निष्पक्ष न्याय और ईमानदारी को सर्वोच्च स्थान दिया। उनका जीवन समाज और न्याय व्यवस्था के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। कार्यक्रम के अंत में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई तथा परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति देने की कामना की गई।
