अपराध
15 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, अल्टो कार और नकदी बरामद
संतकबीर नगर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महुली पुलिस को अहम सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से 15 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इसके साथ ही एक अल्टो कार, पांच मोबाइल फोन और 2070 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।
यह कार्रवाई रात के समय चेकिंग अभियान के दौरान भगता मोड़ के पास की गई, जहां पुलिस टीम ने दोनों आरोपितों को पकड़ लिया। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान मनोज यादव पुत्र जयराम यादव और शम्भू पुत्र मनोगी के रूप में हुई है, जो थाना जलालपुर अंतर्गत चकोरा गांव, जनपद अम्बेडकरनगर के निवासी हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे उड़ीसा से गांजा की खेप लाकर संतकबीर नगर और आसपास के जनपदों में बेचते थे। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी के चलते अपने और परिवार के भरण-पोषण के लिए वे इस अवैध धंधे में शामिल हुए थे। आरोपितों ने यह भी स्वीकार किया कि जिस दिन उन्हें पकड़ा गया, उस दिन भी वे गांजा बेचने के लिए निकले थे।
बरामद अल्टो कार के संबंध में मनोज यादव ने पुलिस को बताया कि यह वाहन उसके मित्र संजय विश्वकर्मा, निवासी भदौरिया चौराहा, जवाहर नगर, थाना सीसामऊ, जनपद कानपुर नगर का है। उसने बताया कि कार दोस्ती के नाते मांगकर ली गई थी और वाहन मालिक को गांजा तस्करी की जानकारी नहीं दी गई थी।
