अपराध
चारपहिया वाहन में शराब छिपाकर ले जा रहे दो तस्कर गिरफ्तार
देवरिया। खामपार थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए छपिया मोड़ के पास एक लग्जरी चारपहिया वाहन से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की। पुलिस ने टाटा पंच से कुल 85.32 लीटर शराब जब्त करते हुए तस्करी में शामिल दो आरोपितों को मौके से गिरफ्तार किया। वाहन पर बिहार का फर्जी नंबर प्लेट लगा हुआ था।
सूत्रों के अनुसार, थानाध्यक्ष खामपार प्रदीप अस्थाना के नेतृत्व में पुलिस टीम मुखबिर की सूचना पर छपिया मोड़ के पास वाहनों की सघन जांच कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध टाटा पंच वाहन को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन के भीतर छिपाकर रखी गई 357 पाउच अंग्रेजी शराब (64.26 लीटर) और 117 शीशी अंग्रेजी शराब (21.26 लीटर) बरामद हुई। जांच में वाहन का नंबर प्लेट फर्जी पाया गया।
पुलिस ने मौके से चंदन कुमार सिंह (पुत्र स्वर्गीय सकलदीप सिंह निवासी ग्राम जगीरहा, थाना मोहम्मदपुर, जिला गोपालगंज) तथा बिट्टू कुमार (पुत्र रामाजी यादव निवासी ग्राम बगौरा, थाना दरौंदा, जिला सिवान) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि शराब को लग्जरी वाहन में छिपाकर बिहार ले जाया जा रहा था।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अनित कुमार राय, अम्ब्रेश राव, गोनेश कुशवाहा और अनिल राजभर की टीम शामिल रही। पुलिस ने बरामद शराब और वाहन को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
