वाराणसी
Sarnath : फसाड लाइटिंग से जगमगाएगी 80 फीट ऊंची बुद्ध प्रतिमा
वाराणसी। सारनाथ स्थित थाई बौद्ध मंदिर परिसर में मौजूद 80 फीट ऊंची भगवान बुद्ध की प्रतिमा को अब रात में विशेष रोशनी से चमकाया जाएगा। पर्यटन को और आकर्षक बनाने के उद्देश्य से प्रतिमा के आसपास और मंदिर की बाहरी दीवारों पर फसाड लाइट लगाने का कार्य शुरू हो गया है। यह लाइटिंग प्रतिमा की भव्यता और परिसर की सुंदरता को और निखारेगी।
फसाड लाइटिंग व्यवस्था ऑटोमेटिक टाइमिंग सिस्टम से संचालित होगी। निर्धारित समय पर यह हरा, गुलाबी, नीला, सुनहरा, तिरंगा सहित कई रंगों में बदलती रहेगी। पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह व्यवस्था उनके लिए एक नया आकर्षण साबित होगी। अधिकारियों के अनुसार लगभग 20 दिनों में सारा काम पूरा कर लिया जाएगा।
मंदिर की बाहरी दीवारों पर करीब 35 वर्ष पूर्व पत्थर लगाए गए थे। फसाड लाइट लगाने के लिए उन पर हैमर मशीन से छेद किए जा रहे हैं, जिससे भविष्य में संरचना को नुकसान पहुँचने की आशंका जताई गई है। इससे पहले मूलगंध कुटी बौद्ध मंदिर में बिना पत्थरों को क्षति पहुँचाए पेस्टिंग तकनीक से लाइट लगाई गई थी। बौद्ध विहार प्रशासन ने इस मुद्दे पर पर्यटन विभाग से बातचीत करने की बात कही है ताकि पुरानी संरचना सुरक्षित रह सके।
