Connect with us

शिक्षा

BHU : विदेश में एक सेमेस्टर पढ़ने पर मिलेंगे 30 क्रेडिट, विश्वविद्यालय जारी करेगा डिग्री

Published

on

Loading...
Loading...

FHAI योजना को जल्द मिलेगी मंजूरी

वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय अपने छात्रों को वैश्विक शिक्षा प्रणाली से जोड़ने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रहा है। विश्वविद्यालय ने घोषणा की है कि उसके छात्र अब विदेश के किसी मान्यता प्राप्त संस्थान में एक सेमेस्टर अध्ययन कर सकेंगे। इस दौरान मिलने वाले 30 क्रेडिट अंक और अंतिम डिग्री दोनों BHU द्वारा ही प्रदान किए जाएंगे। यह व्यवस्था विश्वविद्यालय के आगामी फॉरेन हायर एजुकेशनल इंस्टिट्यूट (FHAI) कार्यक्रम के तहत लागू होगी।

FHAI कार्यक्रम विद्यार्थियों को वैश्विक एक्सपोज़र देने की योजना पर आधारित है। इसके अनुसार छात्र विश्व के टॉप 1000 उच्च शिक्षा संस्थानों में दाखिला लेकर एक सेमेस्टर तक पढ़ाई कर सकेंगे। विदेश में अर्जित उनके सभी क्रेडिट, बीएचयू की डिग्री में मान्य होंगे। इसके साथ ही विश्वविद्यालय विदेशी संस्थानों के साथ संयुक्त शैक्षणिक कार्यक्रम विकसित करने की तैयारी भी कर रहा है।

नई शिक्षा नीति के अनुसार विश्वविद्यालय छात्रों को मॉड्यूलर कोर्स चुनने, क्रेडिट अर्जित करने, और विदेशी अध्ययन को मान्य कराने की सुविधा उपलब्ध कराएगा। बीएचयू की यह पहल यूजीसी अकादमिक कॉलबोरशन रेगुलेशन – 2022 के दिशानिर्देशों के अनुसार तैयार की गई है। इसका विस्तृत प्रावधान यूजीसी वेबसाइट पर उपलब्ध है।

सत्र 2025–26 में काशी हिंदू विश्वविद्यालय में 711 विदेशी छात्रों ने प्रवेश लिया है। विश्वविद्यालय अंतरराष्ट्रीय छात्र संख्या बढ़ाने के उद्देश्य से सुपर न्यूमेरी सीटें 15% से बढ़ाकर 25% करने जा रहा है। यह व्यवस्था स्नातक, स्नातकोत्तर और सभी संकायों व संस्थानों में समान रूप से लागू होगी। पीएचडी कार्यक्रमों में सीटों का निर्धारण यूजीसी के मानकों के अनुसार किया जाएगा।

Advertisement

QS रैंकिंग में काशी हिंदू विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय फैकल्टी अनुपात: 1.5, विदेशी छात्र विविधता: 7.2, अंतरराष्ट्रीय छात्र अनुपात: 3 स्कोर दर्ज किए गए हैं।



Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page