वाराणसी
वाराणसी में एक सितंबर से दिन में तीन बार होगी सफाई, घर-घर जाएगी नगर निगम टीम
महापौर ने जल निगम को दिया अल्टीमेटम, 18 वार्डों की पेयजल डीपीआर 23 अगस्त तक भेजने का निर्देश
वाराणसी। शहर की सफाई व्यवस्था और पेयजल-सीवरेज सुविधाओं को दुरुस्त करने के लिए महापौर अशोक कुमार तिवारी ने मंगलवार को स्मार्ट सिटी सभागार में नगर आयुक्त अक्षत वर्मा और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में निर्णय लिया गया कि 1 सितंबर से शहर में दिन में तीन बार सफाई होगी और नगर निगम की टीम घर-घर जाकर लोगों को गीला व सूखा कचरा अलग करने के लिए जागरूक करेगी।
महापौर ने नवविस्तारित वार्डों में अधूरे ओवरहेड टैंकों के कनेक्शन और 18 वार्डों में लंबित पाइपलाइन डीपीआर पर नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिया कि पेयजल से संबंधित डीपीआर 23 अगस्त तक और रोहनिया विधानसभा की सीवरेज डीपीआर 15 सितंबर तक शासन को भेजी जाए। साथ ही मणिकर्णिका घाट और नमो घाट स्थित सीवेज पम्पिंग स्टेशनों को पूरी क्षमता से चलाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में वाराणसी वेस्ट सोल्यूशन कंपनी के कार्यों की भी समीक्षा हुई। महापौर ने साफ कहा कि स्वच्छता अभियान को और प्रभावी बनाना नगर निगम की प्राथमिकता है। 1 सितंबर से वे और नगर आयुक्त खुद वार्डों का दौरा करेंगे और जनता को कचरा अलग करने की जानकारी देंगे।
संयुक्त नगर आयुक्त कृष्ण चन्द्र ने बताया कि अब तक 5852 पेड़ ट्रीगार्ड के साथ लगाए जा चुके हैं। महापौर ने लक्ष्य तय किया कि 15 सितंबर तक 20 हजार पौधे अवश्य लगाए जाएं और सभी का जियो-टैगिंग हो।
बैठक में नगर आयुक्त अक्षत वर्मा, अपर नगर आयुक्त संगम लाल, संयुक्त नगर आयुक्त कृष्ण चन्द्र, मुख्य अभियंता आरके सिंह, जल निगम परियोजना प्रबंधक कमल सिंह, जनसम्पर्क अधिकारी संदीप श्रीवास्तव, जलकल अधिशासी अभियंता रामअवतार सिंह और वाराणसी वेस्ट सोल्यूशन के प्रबंधक अनुज भाटी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
