वायरल
यूपी के कई जिलों में बिजली गिरने का अलर्ट, चार की मौत
60-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी हवा, 4 से 6 मई तक बदला-बदला रहेगा मौसम
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विभाग ने 4 से 6 मई तक राज्य में तेज हवाओं, बारिश, ओलावृष्टि और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। शनिवार को तराई, पश्चिमी और बुंदेलखंड के 33 जिलों में 60-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की चेतावनी दी गई है। साथ ही 58 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
ब्रज क्षेत्र में कहर: 4 की मौत, कई झुलसे
शुक्रवार को ब्रज क्षेत्र में बारिश, आंधी और वज्रपात के चलते चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग झुलस गए। एटा में दीक्षा (16) की बिजली गिरने से मौत हो गई। फिरोजाबाद में मनरेगा के तहत खुदाई कर रहे विष्णु (35) और सत्येंद्र सैलानी (36) की भी मौत हो गई। देवेंद्र (32) झुलस गए। एका के पवरई गांव निवासी जयदयाल (47) भी वज्रपात की चपेट में आ गए।
कासगंज, मथुरा, आगरा, गाजियाबाद, हापुड़ और बुलंदशहर सहित कई जिलों में तेज बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। अलीगढ़ के गंगीरी में बिजली गिरने से दो लोग झुलस गए, वहीं नगला जाट में आंधी से मकान की छत गिर गई।
दिल्ली से सटे जिलों में बड़ा असर
पश्चिमी यूपी और दिल्ली से सटे जिलों में आंधी-पानी के चलते पेड़ गिरने, कच्चे मकान ढहने और जलभराव जैसी घटनाएं सामने आई हैं। बिजली आपूर्ति कई इलाकों में घंटों बाधित रही। बुंदेलखंड और तराई क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
इन जिलों में वज्रपात का खतरा:
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार से प्रदेश में गरज-चमक और बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में व्यापक परिवर्तन होगा। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, पूर्वी व पश्चिमी उत्तर प्रदेश दोनों में हल्की से मध्यम बारिश संभव है।
कुछ प्रमुख जिले जिनमें वज्रपात का खतरा है उनमें प्रमुख रूप से शामिल है – बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक, दिए राहत के निर्देश
वज्रपात से हुई मौतों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों की निगरानी करने, फसल क्षति का मूल्यांकन कर शासन को रिपोर्ट भेजने और प्रभावितों को तुरंत राहत राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। घायलों को समुचित इलाज देने और जनहानि की स्थिति में पीड़ित परिवारों की हरसंभव सहायता करने को कहा गया है।
