Connect with us

वाराणसी

इंडियन पब्लिक स्कूल का द्वितीय वार्षिकोत्सव हर्षोल्लासपूर्वक संपन्न

Published

on

Loading...
Loading...

सेवापुरी। आराजी लाइन विकासखंड के जंसा बाजार स्थित इंडियन पब्लिक स्कूल का द्वितीय वार्षिकोत्सव विद्यालय प्रांगण में बड़े ही धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डा. विनोद कुमार राय (अपर सचिव, माध्यमिक शिक्षा परिषद, वाराणसी) ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। गणेश वंदना “जय गणेशा देवा”, “चंदा ने पूछा तारों से”, और “एक-दूसरे से करते हैं प्यार हम” जैसे कार्यक्रमों ने वातावरण को संगीतमय बना दिया। साथ ही “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ”, बाल श्रम, शिक्षा का महत्व, संरक्षण और प्रदूषण, तथा कंप्यूटर के उपयोग जैसे सामाजिक विषयों पर आधारित प्रभावशाली प्रस्तुतियाँ भी दी गईं।

कार्यक्रम की विशेष प्रस्तुति के रूप में बच्चों द्वारा पर्यावरण संरक्षण पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसने दर्शकों और अभिभावकों को भावविभोर कर दिया।

मुख्य अतिथि डा. राय ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में सहायक होती हैं। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों के अंदर संगीत, कला, नृत्य और अभिव्यक्ति क्षमता का विकास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि हर बच्चे में ईश्वर प्रदत्त एक विशिष्ट प्रतिभा होती है, जिसे पहचान कर सही दिशा में मार्गदर्शन देने की जरूरत है। बच्चों की रुचि और योग्यता के अनुरूप उन्हें अवसर देना ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है।

Advertisement

कार्यक्रम का संचालन जकी अहमद एवं सह-संचालन कहकशा बानो ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक राजेश सिंह, मैनेजिंग डायरेक्टर आलोक कुमार, मनोज कुमार सिंह, सुरेश सिंह, अंकिता तिवारी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के अभिभावक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 100 से अधिक छात्र-छात्राओं को पुरस्कार वितरित किए गए।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page