Connect with us

चन्दौली

दूल्हे की धमकी पर भड़का लड़की पक्ष, बैरंग लौटी बारात

Published

on

Loading...
Loading...

दूल्हे के पिता और बारातियों ने की शराब के नशे में जमकर हुड़दंग

सकलडीहा (चंदौली)। शराब के नशे में धुत बारातियों और दूल्हे के पिता की हरकतों ने एक शादी को बीच मंडप में ही तोड़ दिया। चंदौली जनपद के सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पीथापुर गांव में बीती रात एक बारात आई थी, लेकिन दूल्हे और उसके परिवार की गैरजिम्मेदाराना हरकतों ने पूरे माहौल को तनावपूर्ण बना दिया।

जानकारी के अनुसार, बारात सकलडीहा से धूमधाम के साथ पीथापुर गांव पहुंची थी। पहले तो बारात का स्वागत जोरदार ढंग से हुआ और आवभगत भी खूब चली, लेकिन जैसे ही नाच-गाने का सिलसिला शुरू हुआ, दूल्हे के पिता और बारातियों ने शराब के नशे में नियंत्रण खो दिया। नाचने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट की नौबत आ गई।

हालांकि कुछ समय बाद मामला शांत हुआ और जयमाल की रस्म भी शुरू कर दी गई, लेकिन इसी दौरान दूल्हे ने दुल्हन से कह दिया कि शादी के बाद इस विवाद का ‘हिसाब-किताब’ किया जाएगा। यह सुनते ही दुल्हन ने अपने पिता को सारी बात बताई। लड़की के पिता ने तत्काल स्थिति को भांपते हुए शादी करने से इनकार कर दिया।

Advertisement

मामले की जानकारी मिलते ही नई बाजार चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लड़की के पिता ने दूल्हे की धमकी और बारातियों के खुलेआम शराब पीने पर नाराजगी जताते हुए शादी से साफ इनकार कर दिया। अंततः बारात बिना दुल्हन लिए ही बैरंग वापस लौट गई।

सकलडीहा थाना प्रभारी हरिनारायण पटेल ने पुष्टि करते हुए बताया कि बारात में विवाद हुआ था और पुलिस मौके पर पहुंची थी। हालांकि दोनों पक्षों की ओर से अब तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page