Connect with us

चन्दौली

राशन वितरण में अनियमितता को लेकर कार्डधारक से मारपीट, वीडियो वायरल, मुकदमा दर्ज

Published

on

Loading...
Loading...

चहनियां (चंदौली)। जिले के बलुआ थाना क्षेत्र के मोलनापुर-पहाड़पुर गांव में सरकारी राशन वितरण में अनियमितता को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। राशन लेने पहुंचे कार्डधारक के साथ कोटेदार और उसके परिजनों द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है। यह घटना उस समय और गंभीर हो गई जब मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

मोलनापुर निवासी अनिल नामक कार्डधारक का आरोप है कि वह नियत तिथि पर राशन लेने कोटेदार के पास गया था। ई-पॉस मशीन से निकली पर्ची के अनुसार उसके राशन कार्ड पर कुल चार यूनिट दर्ज हैं, जिसके अनुसार उसे 20 किलोग्राम राशन मिलना चाहिए था। लेकिन कोटेदार द्वारा केवल 15 किलोग्राम राशन ही दिया गया।

अनिल का कहना है कि जब उसने अपने पूरे 20 किलो राशन की मांग की, तो कोटेदार के परिजनों ने उसे पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी। घटना के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर विनोद यादव नामक व्यक्ति ने इस वीडियो को साझा करते हुए जिला प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

सूत्रों के अनुसार कोटेदार पक्ष का कहना है कि अनिल के परिवार का एक सदस्य अब जीवित नहीं है, इसलिए राशन की मात्रा कम की गई। हालांकि पीड़ित पक्ष का कहना है कि सरकारी पोर्टल पर अब भी चार यूनिट दर्ज हैं, और जब तक यूनिट अपडेट नहीं होता, राशन में कटौती करना नियम के विरुद्ध है।

Advertisement

इस पूरे मामले को लेकर बलुआ थाना प्रभारी डॉ. आशीष मिश्रा ने बताया कि राशन वितरण के दौरान दो पक्षों में विवाद हुआ था। दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस वायरल वीडियो की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सजा दिलाई जाए, ताकि भविष्य में कोई और कोटेदार गरीबों का हक मारने की हिम्मत न कर सके।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page