चन्दौली
डॉ. अंबेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर ताजपुर से निकली भव्य शोभायात्रा
सकलडीहा (चंदौली)। डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर रविवार को ताजपुर गांव से एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस शोभायात्रा में सैकड़ों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे शामिल हुए। कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह से उत्सवमय और श्रद्धामय रहा।
शोभायात्रा की सबसे बड़ी आकर्षण डॉ. अंबेडकर के स्वरूप में रथ पर सवार एक युवक था, जिसने हाथ में संविधान की प्रति थाम रखी थी। यात्रा के दौरान समर्थक अंबेडकरवादी गीतों पर झूमते-नाचते नजर आए और “बाबा साहब अमर रहें”, “संविधान जिंदाबाद” जैसे नारों से वातावरण गुंजायमान हो गया।
शोभायात्रा ताजपुर से प्रारंभ होकर सिरहूपुर, सकलडीहा, ईटव और नागेपुर होते हुए अलीनगर मार्ग से पुनः ताजपुर लौटकर सम्पन्न हुई। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए मौके पर पुलिस बल और पीएसी के जवान बड़ी संख्या में तैनात रहे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने बाबा साहब के योगदानों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने सर्व समाज को सम्मान और अधिकार दिलाया। उनके द्वारा बनाए गए संविधान के बल पर आज देश में एक सशक्त लोकतंत्र कायम है, जिसे न सिर्फ भारत बल्कि पूरा विश्व सम्मान की दृष्टि से देखता है।
इस मौके पर रविंद्र प्रताप सिंह, बिक्की सिंह, ग्राम प्रधान सतीश कुमार सहित भारी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।
