भदोही
3194 दिनों से लगातार वृक्षारोपण कर रहे शिक्षक ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कंसापुर उच्च प्राथमिक विद्यालय में बच्चों के साथ किया पौधारोपण, हरित धरती के लिए जनभागीदारी पर दिया जोर
ज्ञानपुर (भदोही)। राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक अशोक कुमार गुप्ता ने शुक्रवार को अपने सतत वृक्षारोपण अभियान के तहत उच्च प्राथमिक विद्यालय कंसापुर परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उल्लेखनीय है कि वह पिछले 3194 दिनों से निरंतर वृक्षारोपण अभियान चलाकर धरती को हरा-भरा और प्रदूषण मुक्त बनाने का प्रयास कर रहे हैं।
विद्यालय परिसर में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्री शिव देवी तथा विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अशोक कुमार गुप्ता ने कहा कि “हरा-भरा पर्यावरण बनाए रखने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति का योगदान आवश्यक है। पेड़-पौधे ही हमें जीवन के लिए आवश्यक ऑक्सीजन, भोजन और स्वच्छ वातावरण प्रदान करते हैं, लेकिन दुर्भाग्य से हम इन्हें लगातार काट रहे हैं। अब समय आ गया है कि हम इनके संरक्षण के प्रति संवेदनशील बनें और अधिक से अधिक वृक्ष लगाएं।”
उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल भी की जाए। पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में महेश कुमार, हसरत, अर्जुन, अनुराग सहित अन्य सहयोगियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संकल्प भी लिया।
