भदोही
नगर पालिका की बदहाल व्यवस्थाओं के विरोध में कांग्रेस का अनशन
जल निकासी, सड़क और सफाई समेत 11 सूत्रीय मांगों को लेकर नपा कार्यालय पर प्रदर्शन
पूर्व जिलाध्यक्ष माबूद खान ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन, समस्याओं के समाधान तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
गोपीगंज (भदोही)। नगर पालिका परिषद गोपीगंज के विभिन्न वार्डों में जल निकासी, पेयजल, नाली सफाई, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष अब्दुल माबूद खान के नेतृत्व में गुरुवार को नगर पालिका कार्यालय पर एक दिवसीय क्रमिक अनशन किया गया। इस दौरान सभासदों एवं स्थानीय नागरिकों ने पालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग उठाई।
सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले अनशन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने तहसीलदार को 11 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। ज्ञापन में नगर के विभिन्न वार्डों में जलभराव, पेयजल संकट, नालियों की नियमित सफाई, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत सहित अन्य जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की गई।
अब्दुल माबूद खान ने आरोप लगाया कि नगर पालिका और जिला प्रशासन मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में विफल साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
अनशन में सर्व समाज जनहित पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विभूति नारायण सिंह, व्यापार प्रतिनिधिमंडल के नगर अध्यक्ष श्रीकांत जायसवाल, लल्लन सिंह, सतीश तिवारी, सभासद शाहजहां बेगम, राशिद खान गोल्डन, धीरज हलवाई, सलमान अली मोनू, नौशाद अली गुड्डू, खलील अहमद बग्गा, शोएब, परवेज हाशमी, चंद्रेश कुमार तिवारी, आनंद मौर्य, जाकिर अली, एजाज अली, युसूफ पठान, फिरोज अली पप्पू, सुहेल खान, सोनू अली सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
