गाजीपुर
स्कूल चलो अभियान के तहत निकली जागरूकता रैली, शिक्षा से जोड़ने का दिया संदेश
प्राथमिक विद्यालय हाजीपुर में छात्र-छात्राओं ने लगाए शिक्षा जागरूकता के नारे, शत-प्रतिशत नामांकन का लिया संकल्प
गाजीपुर। शिक्षा क्षेत्र सादात के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय हाजीपुर (बड़ागांव) में शनिवार को स्कूल चलो अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। अभियान का उद्देश्य विद्यालय से बाहर रह गए बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना और शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना रहा।
शिक्षा के प्रति किया जागरूक
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा एवं खंड शिक्षा अधिकारी हेमवंत कुमार के निर्देशन में आयोजित रैली में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने हाथों में तख्तियां लेकर “हर बच्चा स्कूल, हर घर शिक्षा”, “हर बच्चा पढ़े, हर बच्चा बढ़े” और “शिक्षा है अधिकार, हर बच्चे का है यह आधार” जैसे नारों के माध्यम से ग्रामीणों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया।
अभिभावकों से बच्चों का नामांकन कराने की अपील
विद्यालय के प्रधानाध्यापक हरिचरन सिंह यादव ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों का समय पर विद्यालय में नामांकन कराने और नियमित रूप से स्कूल भेजने की अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए।
शिक्षकों ने निभाई सक्रिय भूमिका
भीषण गर्मी और तेज धूप को देखते हुए रैली का आयोजन निर्धारित समय में सावधानीपूर्वक संपन्न कराया गया। अभियान को सफल बनाने में सहायक अध्यापक नवीन कुमार सिंह, शैलेंद्र कुमार जैसवार, रामजीत एवं शैलेंद्र यादव सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने सक्रिय सहयोग दिया।
शत-प्रतिशत नामांकन का लिया संकल्प
रैली के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने “हर बच्चा स्कूल, हर घर शिक्षा” के लक्ष्य को साकार करने तथा क्षेत्र में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
