Connect with us

गोरखपुर

स्कूली बस की टक्कर से दूध विक्रेता घायल

Published

on

Loading...
Loading...

सीएचसी गोला में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल किया रेफर

गोलाबाजार (गोरखपुर)। जिले के गोला थाना क्षेत्र के बिसरा पेट्रोल पंप के समीप बुधवार सुबह एक निजी स्कूल बस की टक्कर से दूध बेचने वाला बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में बाइक सवार सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों की सहायता से घायल को पहले एक निजी अस्पताल और बाद में सीएचसी गोला पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

Loading...

मिली जानकारी के अनुसार गोला थाना क्षेत्र के ग्राम अहिरौली प्रथम निवासी राम कुंवर यादव पुत्र स्व. बैजनाथ यादव प्रतिदिन की तरह बुधवार को भी मोटरसाइकिल से दूध बेचने के लिए घर से निकले थे। गांव से दूध एकत्र कर वह अपनी बाइक से खिरिया की तरफ से सड़क पर चढ़कर बिसरा पेट्रोल पंप की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक निजी स्कूल बस ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों और राहगीरों ने घायल को तत्काल गोला के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला भेजा गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद स्थिति नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों ने घायल को गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। सूत्रों के अनुसार मामले में थाने पर प्रार्थना पत्र देने की प्रक्रिया जारी है। समाचार लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं हो सका था।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page