पूर्वांचल
सोने के कारोबार के नाम पर लाखों की ठगी, चार पर केस दर्ज
संतकबीरनगर। जनपद में सोने के व्यापार में भारी मुनाफे का लालच देकर एक व्यापारी से 44 लाख 50 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के दुर्गानगर बरदहिया बाजार निवासी विनोद जायसवाल पुत्र रामशरण जायसवाल ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह व्यापारिक कार्य से अरुणाचल प्रदेश के नामपांग (जिला चांगलांग) गए थे, जहां उनकी मुलाकात रमजान अली पुत्र शौकत अली से हुई। आरोप है कि रमजान अली ने सोने के आभूषण और बिस्किट के कारोबार में अधिक लाभ का झांसा देते हुए जीएसटी बिल पर वैध लेन-देन का भरोसा दिलाया।
शिकायत के अनुसार, झांसे में आकर विनोद जायसवाल ने अलग-अलग तिथियों में चेक और यूपीआई के माध्यम से कुल 44 लाख 50 हजार रुपये आरोपितों के खातों में स्थानांतरित कर दिए। इसमें 23 फरवरी 2026 को 8.50 लाख रुपये, 25 फरवरी को 2 लाख रुपये, 19 मार्च को 19.50 लाख रुपये, 20 मार्च को 9 लाख रुपये तथा यूपीआई के जरिए 2.50 लाख रुपये शामिल हैं।
पीड़ित का आरोप है कि पूरी रकम मिलने के बाद आरोपी लगातार टालमटोल करते रहे। जब उन्होंने धनराशि वापस मांगी तो रमजान अली, उसकी पत्नी आयशा हुसैन, पिता शौकत अली व अन्य परिजनों ने गाली-गलौज करते हुए पैसे लौटाने से इंकार कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। विनोद जायसवाल ने बताया कि उन्होंने यह रकम उधार लेकर दी थी, जिससे अब उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी जयप्रकाश दुबे ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
