गाजीपुर
सीबीएसई परिणाम में वेद इंटरनेशनल स्कूल का शानदार प्रदर्शन, छात्रों ने लहराया परचम
सैदपुर (गाजीपुर) जयदेश। सीबीएसई बोर्ड द्वारा घोषित कक्षा 10वीं के बोर्ड परीक्षा परिणाम में वेद इंटरनेशनल स्कूल ने एक बार पुनः शिक्षा के क्षेत्र में अपनी उत्कृष्टता का परिचय देते हुए शानदार प्रदर्शन किया है। विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा।
इस उल्लेखनीय सफलता में विद्यालय की छात्रा रिया कुमारी ने 90% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। अभिनव यादव ने 89% अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान तथा आस्था पांडे ने 87% अंक के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया। चतुर्थ स्थान पर संयुक्त रूप से अमनदीप यादव एवं विपुल यादव ने 86.2% अंक प्राप्त किए, जबकि पंचम स्थान पर आदित्य नारायण चौहान ने 86% अंक अर्जित किए।
विषयवार उत्कृष्ट प्रदर्शन में रिया कुमारी ने अंग्रेजी में सर्वाधिक 97 अंक तथा हिंदी में 96 अंक प्राप्त किए। गणित विषय में विनीत यादव ने 90 अंक प्राप्त किए। विज्ञान विषय में विपुल यादव एवं अमनदीप यादव ने संयुक्त रूप से 93 अंक प्राप्त किए। वहीं सामाजिक विज्ञान में अभिनव यादव ने 98 अंक प्राप्त कर श्रेष्ठ प्रदर्शन किया।

विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रधानाचार्य रितेश कुमार मिश्रा ने परीक्षा परिणाम पर संतोष व्यक्त करते हुए इस सफलता का श्रेय विद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को दिया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सामूहिक प्रयास एवं छात्रों की कठोर मेहनत का परिणाम है।
प्रबंध निदेशक पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि यह प्रथम बोर्ड परीक्षा का परिणाम है, अंतिम परिणाम द्वितीय बोर्ड परीक्षा के पश्चात घोषित किया जाएगा। उन्होंने उन विद्यार्थियों को भी प्रोत्साहित किया, जिन्हें अपेक्षित परिणाम नहीं मिल पाया है, कि वे द्वितीय बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होकर अपने प्रदर्शन में सुधार कर सकते हैं। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को शीघ्र ही सम्मानित किया जाएगा।
इस अवसर पर विद्यालय के उप-प्रधानाचार्य महेश शुक्ला, कोऑर्डिनेटर अपूर्वा सिन्हा, आलोक सिंह कुशवाहा, अंजली सिंह, शैलेश श्रीवास्तव, मनोज गुप्ता एवं अरविंद शुक्ला सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।
