गोरखपुर
सीएम योगी के संभावित दौरे से पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का डीएम ने किया निरीक्षण
डीएम दीपक मीणा ने अधिकारियों संग किया स्थलीय जायजा, दिए आवश्यक निर्देश
गोरखपुर। ताल नन्दौर में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शनिवार 16 मई को संभावित कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी दीपक मीणा ने संबंधित अधिकारियों के साथ स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल, नगर आयुक्त अजय जैन, सीडीओ शाश्वत त्रिपुरारी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मुकुल खंडेलवाल, एडीएम प्रशासन सहदेव मिश्रा, एसडीएम सदर दीपक गुप्ता तथा एसडीएम बांसगांव प्रदीप सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कार्य में तेजी लाने के साथ सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय के भीतर सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
उल्लेखनीय है कि ताल नन्दौर में बन रहा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम लगभग 392.94 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जा रहा है। करीब 50 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित होने वाले इस स्टेडियम में 30,000 दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी। परियोजना के अंतर्गत 11 पिचें, अत्याधुनिक ड्रेसिंग रूम तथा लगभग 1500 वाहनों की पार्किंग जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को दिसंबर 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
