भदोही
सावन के दूसरे सोमवार पर शिवालयों में उमड़ी आस्था
हर-हर बम-बम से गूंजा गोपीगंज
सुबह से मंदिरों में लगी श्रद्धालुओं की कतार, देर रात तक चलता रहा दर्शन-पूजन का सिलसिला
गोपीगंज (भदोही)। पावन श्रावण मास के दूसरे सोमवार को गोपीगंज नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। भगवान शिव के प्रिय सावन माह में श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और भक्ति के साथ देवाधिदेव महादेव का दर्शन-पूजन किया। प्रातःकाल स्नान-ध्यान के साथ शुरू हुआ पूजन-अर्चन का क्रम देर रात तक जारी रहा। इस दौरान शिवालय हर-हर महादेव और हर-हर बम-बम के जयकारों से गूंजते रहे।
प्राचीन शिव मंदिरों में लगी लंबी कतार
नगर के ऐतिहासिक बाबा बड़े शिव धाम, कबूतरनाथ, गोपेश्वर महादेव, सिद्धेश्वर महादेव, मनकामेश्वर महादेव, जोगीबीर और जागेश्वर महादेव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की कतार लग गई। समय बीतने के साथ भक्तों की संख्या बढ़ती गई और मंदिर परिसरों के बाहर तक लंबी कतारें दिखाई देने लगीं।
ग्रामीण क्षेत्रों के शिवालय भी रहे भक्तिमय
ग्रामीण क्षेत्रों के बाबा तिलेश्वरनाथ, पांडवानाथ, स्वामी बड़ा देव महादेव, धनेश्वर महादेव और कमलेश्वरनाथ समेत अन्य शिव मंदिरों में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भक्त अपनी बारी का इंतजार करते हुए कतारबद्ध होकर भगवान शिव का जलाभिषेक और पूजन करते नजर आए।
महादेव का हुआ भव्य श्रृंगार
सावन के दूसरे सोमवार के अवसर पर प्रमुख मंदिरों और शिवालयों में भगवान शिव का विशेष एवं भव्य श्रृंगार किया गया। मंदिर परिसरों को भी आकर्षक ढंग से सजाया गया था। अलौकिक स्वरूप में सजे देवाधिदेव महादेव के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर नजर आए।
भजन-कीर्तन से गूंजे मंदिर परिसर
दर्शन-पूजन के साथ प्रमुख मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन और अन्य कार्यक्रमों का आयोजन चलता रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। पूरे नगर और ग्रामीण अंचलों में दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा।
