Connect with us

वाराणसी

सरकारी जमीन पर कार्रवाई से मचा हड़कंप, बुलडोजर के सामने पहुंचे स्थानीय लोग

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। मंडुवाड़ीह थाना क्षेत्र के अवलेशपुर इलाके में गुरुवार को नगर निगम ने कथित अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान नगर निगम की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।अभियान के तहत दो बुलडोजरों की मदद से टीनशेड, दीवारों समेत कई अस्थायी निर्माणों को ध्वस्त किया गया।

मौके पर तीन थानों की पुलिस फोर्स, दो प्लाटून पीएसी और महिला पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन का कहना है कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर निर्माण किया गया था, जिसे हटाने के लिए यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई शुरू होते ही स्थानीय लोगों ने विरोध जताना शुरू कर दिया। प्रभावित परिवारों का कहना था कि वे कई वर्षों से वहां रह रहे थे और टीनशेड लगाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे।

कुछ लोगों ने बताया कि उन्होंने उसी स्थान पर पशुपालन भी कर रखा था और पशुओं के रहने व चारे की व्यवस्था भी वहीं की गई थी।स्थानीय निवासियों ने दावा किया कि उनके पास जमीन से संबंधित कुछ दस्तावेज मौजूद हैं। उनका आरोप था कि लेखपाल और कानूनगो के समक्ष कागजात प्रस्तुत करने के बावजूद उनकी बात नहीं सुनी गई। लोगों के मुताबिक जब वे दस्तावेज लेकर अपर नगर आयुक्त के पास पहुंचे तो उनसे स्टे ऑर्डर मांगा गया।

Advertisement

प्रभावित परिवारों का कहना है कि प्रशासन उनके दस्तावेजों को मान्यता नहीं दे रहा है। अभियान के दौरान महिलाओं ने अलग अंदाज में विरोध दर्ज कराया। कई महिलाएं बुलडोजर चला रहे कर्मचारियों और अधिकारियों के पास मिठाई और पानी लेकर पहुंचीं तथा कार्रवाई रोकने की अपील करती रहीं। महिलाओं का कहना था कि अचानक हुई इस कार्रवाई से उनके सामने रहने और रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी रही।

स्थिति को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। महिला प्रदर्शनकारियों को संभालने के लिए महिला पुलिस बल को भी तैनात किया गया था। पूरे अभियान के दौरान नगर निगम का प्रवर्तन दल मौके पर मौजूद रहा।

नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि शहर में सरकारी जमीनों को कब्जामुक्त कराने का अभियान आगे भी जारी रहेगा और जहां भी अवैध अतिक्रमण मिलेगा वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर प्रभावित परिवार प्रशासन से राहत और सुनवाई की मांग कर रहे हैं।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page