बलिया
संवैधानिक अधिकारों की मांग को लेकर 9 अगस्त को लखनऊ में महाप्रदर्शन करेगा गोंड समाज
बलिया में प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, एसटी प्रमाण पत्र और जनजाति आयोग गठन की उठाई मांग
विश्व आदिवासी दिवस पर शांतिपूर्ण मार्च निकालने की घोषणा
बलिया। गोंड (धुरिया) समाज को अनुसूचित जनजाति (एसटी) प्रमाण पत्र जारी करने तथा अन्य संवैधानिक मांगों को लेकर ऑल गोंडवाना स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आगसा) के नेतृत्व में सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर विभिन्न मांगों के समाधान की मांग की गई। साथ ही 9 अगस्त, विश्व आदिवासी दिवस पर लखनऊ में महाप्रदर्शन की घोषणा की गई।
गांव-गांव चल रहा जनसंपर्क अभियान
संगठन के संरक्षक अरविन्द गोंडवाना ने बताया कि लखनऊ में प्रस्तावित महाप्रदर्शन की सफलता के लिए गांव-गांव जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।
ज्ञापन में उठाई गई प्रमुख मांगें
ज्ञापन में गोंड समाज को शासनादेश के अनुरूप बिना किसी बाधा के अनुसूचित जनजाति (एसटी) प्रमाण पत्र जारी करने, विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति एवं फीस प्रतिपूर्ति उपलब्ध कराने की मांग की गई। इसके अलावा उत्तर प्रदेश में स्वतंत्र जनजाति आयोग के गठन, प्रत्येक जिले में आदिवासी छात्रावास स्थापित करने, भूमिहीन परिवारों को कृषि एवं आवासीय पट्टे देने तथा सरकारी नौकरियों में बैकलॉग पदों को भरने की भी मांग उठाई गई।
9 अगस्त को निकलेगा शांतिपूर्ण मार्च
संगठन के अनुसार 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर लखनऊ के जीपीओ स्थित महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के बाद झूलेलाल पार्क तक शांतिपूर्ण मार्च निकाला जाएगा, जिसमें प्रदेशभर से समाज के लोगों के शामिल होने की संभावना है।
