भदोही
शिव मंदिर से पीतल के दो घंटे चोरी
बजरंग शक्ति पीठ परिसर में लगातार चोरी से नाराजगी, मंदिर समिति ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल**
कोइरौना। थाना क्षेत्र के बजरंग शक्ति पीठ कोटिया, शिवसेवक पट्टी परिसर स्थित शिव मंदिर से बीती रात चोरों ने पीतल के दो घंटे चोरी कर लिए। मंदिर समिति के अनुसार चोरी किए गए घंटों का कुल वजन करीब तीन किलो है। घटना की जानकारी होने के बाद मंदिर परिसर में हड़कंप मच गया।
बताया जाता है कि बजरंग शक्ति पीठ परिसर में तीन मंदिर स्थित हैं, जिनमें हनुमानजी का मंदिर काफी प्राचीन है। मंदिर की व्यवस्था से जुड़े सदस्यों का कहना है कि परिसर स्थित मंदिरों में हर वर्ष चोरी की घटनाएं होती रहती हैं।
मंदिर समिति के सदस्यों ने आरोप लगाया कि चोरी की सूचना मिलने पर कोइरौना पुलिस मौके पर पहुंचती है और खानापूर्ति कर लौट जाती है। उनका कहना है कि अब तक चोरी के किसी भी मामले का खुलासा नहीं हो सका है।
बार-बार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर मंदिर समिति और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों ने पुलिस से मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाने के साथ ही पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा करने की मांग की है।
