बलिया
वार्ड के विकास कार्यों को लेकर पार्षद का हल्ला बोल
मंडलायुक्त को सौंपा ज्ञापन, नगर पालिका पर भ्रष्टाचार और उपेक्षा के लगाए आरोप
बलिया। नगर पालिका परिषद बलिया के वार्ड संख्या-19 (जगदीशपुर) में विकास कार्यों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए पार्षद यशवंत सिंह ने मंडलायुक्त, आजमगढ़ को ज्ञापन सौंपकर जर्जर गलियों और नालियों के तत्काल पुनर्निर्माण की मांग की है। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन पर भ्रष्टाचार और पक्षपात के भी गंभीर आरोप लगाए हैं।
पार्षद का कहना है कि पिछले तीन वर्षों से वह लगातार नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) और अध्यक्ष से वार्ड में विकास कार्य कराने की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी मांगों की अनदेखी की गई। उनका आरोप है कि जनहित के कार्यों की बजाय निजी हितों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे स्थानीय लोगों को टूटी सड़कें और जर्जर नालियों के कारण रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि कई लोग इन बदहाल रास्तों के कारण दुर्घटनाओं का शिकार हो चुके हैं।
ज्ञापन में पार्षद ने कहा कि सरकार द्वारा विकास कार्यों के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध कराया गया, लेकिन वार्ड को उसका लाभ नहीं मिल सका। उन्होंने 12 गलियों और चार प्रमुख नालों के निर्माण की मांग का विस्तृत प्रस्ताव भी मंडलायुक्त को सौंपा है।
यशवंत सिंह ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू नहीं कराए गए तो वह कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ जनआंदोलन शुरू करेंगे। वहीं, नगर पालिका प्रशासन की ओर से इन आरोपों पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
