बलिया
रेवती हाल्ट पर ट्रेन की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत
दिल्ली से घर लौट रहा था 18 वर्षीय बिट्टू, रेलवे ट्रैक पर मिला क्षत-विक्षत शव
ट्रेन से उतरते समय संतुलन बिगड़ने की आशंका, पुलिस ने शुरू की जांच
बलिया। रेवती थाना क्षेत्र के रेवती हाल्ट रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। रेलवे ट्रैक पर एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
मृतक की पहचान रेवती कस्बे के वार्ड नंबर-10 निवासी बिट्टू गोंड़ (18) पुत्र लालाबाबू गोंड़ के रूप में हुई है।
दिल्ली से लौट रहा था घर
परिजनों के अनुसार, बिट्टू दिल्ली की एक निजी कंपनी में काम करता था। वह शनिवार रात दिल्ली से अपने घर के लिए रवाना हुआ था। रविवार दोपहर तक उसकी अपने परिवार वालों से मोबाइल पर बातचीत भी हुई थी। परिजन उसके घर पहुंचने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन सोमवार सुबह हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
ट्रेन से उतरते समय हादसे की आशंका
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि रेवती हाल्ट स्टेशन पर ट्रेन से उतरते समय युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
