गोरखपुर
रील बनाते वक्त किशोर की डूबकर मौत
गोरखपुर। सोशल मीडिया पर रील बनाने का शौक एक किशोर के लिए घातक साबित हुआ। गीडा थाना क्षेत्र के बरवार गांव के समीप राप्ती नदी में नहाने के दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और डूबने से उसकी मृत्यु हो गई। रविवार शाम एसडीआरएफ टीम ने तलाशी अभियान चलाकर उसका शव बरामद किया।
राजघाट थाना क्षेत्र के रहमत नगर निवासी फूजैल रहमान रविवार दोपहर अपने छोटे भाई अरहम रहमान तथा दो अन्य साथियों के साथ नदी में नहाने गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नहाते समय वह मोबाइल से रील बना रहा था, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और वह गहरे पानी में डूब गया। साथ मौजूद लोगों ने शोर मचाते हुए उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वह लापता हो चुका था। सूचना मिलने पर पुलिस और परिजन तत्काल मौके पर पहुंच गए।
स्थानीय गोताखोरों की सहायता से लंबे समय तक खोजबीन की गई, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया, जिसने शाम को किशोर का शव नदी से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों के मुताबिक, फूजैल ने हाल ही में हाईस्कूल की परीक्षा उत्तीर्ण की थी, जबकि उसके पिता शाबिब रहमान नौगढ़ में शिक्षक हैं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
ग्रामीणों का कहना है कि राप्ती नदी का तट इन दिनों युवाओं के बीच रील और सेल्फी बनाने का प्रमुख केंद्र बन गया है, जहां लापरवाही के चलते ऐसे हादसे सामने आ रहे हैं।
