गोरखपुर
मां की गोद से छीना मासूम; 45 मिनट में पुलिस ने किया बरामद
गोरखपुर। गगहा थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां तेज रफ्तार बोलेरो सवार बदमाशों ने एक महिला को टक्कर मारकर घायल कर दिया और उसकी गोद से मासूम को उठाकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और महज 45 मिनट के भीतर बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गजपुर बाजार निवासी राम आशीष यादव की पत्नी सुमन अपने डेढ़ वर्षीय पुत्र को दवा दिलाने के लिए चौराहे पर गई थीं। दवा लेकर लौटते समय घर के पास ही पीछे से आई तेज रफ्तार बोलेरो ने उन्हें टक्कर मार दी। महिला के गिरते ही वाहन में सवार लोगों ने बच्चे को उठाया और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए क्षेत्र की घेराबंदी शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें बोलेरो की दिशा और नंबर स्पष्ट दिखाई दिया। जांच में पता चला कि वाहन सहजनवा क्षेत्र निवासी रिशु पासवान के नाम पर पंजीकृत है।
पुलिस ने कंट्रोल रूम को अलर्ट करते हुए चेकिंग अभियान चलाया और सौहदौरा चौकी के पास नाकाबंदी की गई। पुलिस और ग्रामीणों की संयुक्त कार्रवाई में बोलेरो को घेर लिया गया, हालांकि चालक मौके से फरार हो गया।
वाहन की तलाशी लेने पर अपहृत बच्चा सुरक्षित अवस्था में मिला। पुलिस ने बच्चे को तत्काल चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मामूली चोट के साथ सुरक्षित बताया। घायल महिला का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस ने बोलेरो वाहन को कब्जे में लेकर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। एसपी साउथ दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है तथा फरार चालक की तलाश जारी है।
