Connect with us

गोरखपुर

विदेश भेजने के नाम पर 69 लाख की ठगी, शातिर आरोपी गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

गोरखपुर। थाना एम्स पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अम्बिका सिंह पुत्र स्वर्गीय श्रीनाथ सिंह, निवासी ग्राम टड़वा परसिया थाना दरौली जनपद सीवान (बिहार) के रूप में हुई है। वह वर्तमान में उत्तरी दिल्ली के सोनिया बिहार क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहा था। थाना एम्स पुलिस टीम ने उसे मुकदमा संख्या 327/2025 के तहत गिरफ्तार किया है।

जांच में सामने आया कि अभियुक्त ने वादी को झांसे में लेकर 36 युवकों को विदेश भेजने का झूठा सपना दिखाया। उसने वीजा और नौकरी का भरोसा दिलाकर उनसे करीब 69 लाख रुपये ठग लिए। इसमें 29 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए और 40 लाख रुपये नकद लिए गए।

अभियुक्त युवकों को दिल्ली बुलाता था और उन्हें फर्जी वीजा थमा देता था। जब पीड़ितों को धोखाधड़ी का एहसास हुआ और उन्होंने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने उन्हें फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी। पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना एम्स में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी कैण्ट के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक एम्स के नेतृत्व में उपनिरीक्षक राजेश कुमार सिंह व उनकी टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को धर दबोचा।

Advertisement

पुलिस का कहना है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है। संभावना है कि इस तरह की ठगी में और भी लोग शामिल हो सकते हैं। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

यह मामला युवाओं के लिए एक बड़ी चेतावनी है कि विदेश नौकरी के नाम पर बिना सत्यापन के किसी पर भरोसा न करें। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे मामलों में सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page