Connect with us

गोरखपुर

रसोई गैस वितरण व्यवस्था पर सवाल, बुकिंग के बाद भी भटक रहे उपभोक्ता

Published

on

Loading...
Loading...

गोरखपुर। शहर में रसोई गैस उपभोक्ताओं को सिलिंडर की डिलीवरी को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बुकिंग और डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (डीएसी) मिलने के बाद भी कई उपभोक्ताओं की बुकिंग अचानक निरस्त हो जा रही है, जिससे लोगों को बार-बार एजेंसी और संबंधित अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

ट्रांसपोर्टनगर निवासी विशाल कुमार ने बताया कि उनके पिता के नाम इंडियन ऑयल का गैस कनेक्शन है। मार्च में कराई गई बुकिंग पर उन्हें 20 अप्रैल को सिलिंडर मिला था। इसके बाद उन्होंने 15 मई को दोबारा बुकिंग कराई। अगले दिन रेफरेंस नंबर और कुछ दिनों बाद डीएसी भी प्राप्त हो गया, लेकिन सिलिंडर की डिलीवरी नहीं हुई।


विशाल के अनुसार अचानक एक संदेश मिला, जिसमें बताया गया कि घर बंद मिलने के कारण बुकिंग निरस्त कर दी गई है। जबकि उनके घर पर हमेशा कोई न कोई मौजूद रहता है। एजेंसी पहुंचने पर दोबारा बुकिंग कराने की सलाह दी गई, लेकिन सिस्टम में पहले से बुकिंग दर्ज होने का संदेश आने लगा। काफी प्रयास और भागदौड़ के बाद उन्हें सिलिंडर मिल सका।


ऐसी ही समस्या सूरजकुंड निवासी शमशाद आलम के साथ भी हुई। उन्होंने बताया कि बुकिंग के बाद लंबे समय तक सिलिंडर नहीं मिला और बाद में बुकिंग निरस्त होने का संदेश आ गया। कई दिनों तक शिकायत करने के बाद उन्हें गैस सिलिंडर उपलब्ध कराया गया। इस दौरान गैस खत्म होने पर परिवार को चूल्हे पर भोजन बनाना पड़ा।

Advertisement


उपभोक्ताओं का कहना है कि डीएसी मिलने के बाद उन्हें भरोसा हो जाता है कि जल्द ही सिलिंडर की डिलीवरी हो जाएगी, लेकिन बीच में बुकिंग रद्द होने का संदेश मिलने से परेशानी बढ़ जाती है। दोबारा बुकिंग की कोशिश करने पर सिस्टम पहले से बुकिंग होने की जानकारी देता है, जिससे समस्या और जटिल हो जाती है।


मोहद्दीपुर निवासी रंजन सिंह ने आरोप लगाया कि तेल कंपनियों की कार्यप्रणाली से उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी झेलनी पड़ रही है। उनका कहना है कि यदि सिलिंडर वितरण को लेकर कोई समय सीमा निर्धारित है तो इसकी स्पष्ट जानकारी ग्राहकों को दी जानी चाहिए, ताकि वे उसी अनुसार वैकल्पिक व्यवस्था कर सकें।


इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी रामेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि रेफरेंस नंबर और डीएसी जारी होने के बाद भी बुकिंग निरस्त होने के मामलों की जानकारी तेल कंपनियों के अधिकारियों से ली जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान कराया जाएगा और उन्हें अनावश्यक परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page